
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ ने नागरिकों को OTP धोखाधड़ी से बचने की अपील की
KPN24 :- मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत गणना फॉर्म भरने वाले मतदाताओं और नागरिकों के लिए कार्यालय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ द्वारा एक महत्वपूर्ण सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है। यह सूचना मोबाइल नंबर के दुरुपयोग एवं OTP आधारित साइबर ठगी से लोगों को बचाने के उद्देश्य से जारी की गई है।
OTP शेयर न करें – यह आपकी सुरक्षा की पहली शर्त
विभाग ने स्पष्ट किया है कि SIR फॉर्म भरते समय मोबाइल नंबर देना पूरी तरह सुरक्षित है, लेकिन कुछ साइबर अपराधी इसी प्रक्रिया का दुरुपयोग करके लोगों को धोखे में लेने की कोशिश कर रहे हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने विशेष रूप से जोर देकर कहा है कि BLO के माध्यम से SIR फॉर्म भरने के लिए किसी भी प्रकार के OTP की आवश्यकता नहीं होती।
किसी भी अधिकारी, कर्मचारी या BLO द्वारा OTP नहीं पूछा जाता है।
सुरक्षा हेतु मुख्य निर्देश
अज्ञात कॉल पर OTP न बताएं: यदि कोई व्यक्ति कॉल करके कहे कि “आपके SIR से जुड़े मोबाइल पर आए OTP को बता दीजिए”, तो तुरंत मना कर दें।
सीधे BLO से संपर्क करें: कॉल करने वाले को स्पष्ट कहें— “मैं कार्यालय जाकर या अपने BLO से संपर्क करके ही जानकारी दूंगा/दूंगी।”
धमकी या दबाव पड़ने पर पुलिस को सूचित करें: यदि कोई OTP मांगने पर जोर दे या धमकाए, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें।
ऑनलाइन ठगी का बढ़ता खतरा
विभिन्न राज्यों की पुलिस ने भी SIR फॉर्म भरने की प्रक्रिया से जुड़े एक नए प्रकार के साइबर स्कैम की चेतावनी जारी की है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में अपने मोबाइल पर प्राप्त वन टाइम पासवर्ड (OTP) किसी अज्ञात व्यक्ति से साझा न करें।
सतर्क रहें – यही आपकी सुरक्षा है
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि थोड़ी-सी सतर्कता और जागरूकता ही नागरिकों को साइबर अपराधों से बचा सकती है।
अधिक जानकारी के लिए
हेल्पलाइन नंबर: 1950










