"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

देवरीमठ में मिडिल स्कूल खोलने की मांग तेज:-  पिछले दो दशक से लंबित मांग पर अब तक नहीं हुई कार्रवाई, बच्चों को उठानी पड़ रही है भारी परेशानी

KPN24:- सक्ती जिले के विकासखंड जैजैपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरीमठ (करही) में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला (मिडिल स्कूल) खोलने की मांग पिछले दो दशक से लगातार उठाई जा रही है, लेकिन अब तक शासन-प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

परिणामस्वरूप यहां के बच्चों को छठवीं से आठवीं तक की पढ़ाई के लिए दूसरे गांव के स्कूलों में जाना पड़ता है, जिससे उन्हें प्रतिदिन काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत देवरीमठ में वर्तमान में दो शासकीय प्राथमिक शालाएं संचालित हैं, लेकिन इसके बाद की शिक्षा के लिए कोई व्यवस्था नहीं होने से छोटे-छोटे बच्चों को दूरस्थ गांवों में जाना अपरिहार्य हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि गरीब परिवारों के बच्चे आने-जाने में असमर्थ होने के कारण पढ़ाई बीच में ही छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं।

पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि मिडिल स्कूल खोलने की मांग को लेकर पंचायत प्रस्ताव की प्रतियां पूर्व में विकासखंड शिक्षा अधिकारी जैजैपुर, जिला शिक्षा अधिकारी सक्ती एवं जिला कलेक्टर को सौंपा जा चुका है। बावजूद इसके शिक्षा विभाग से अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है।

ग्रामीणों ने कहा कि छठवीं, सातवीं और आठवीं कक्षा के बच्चों को प्रतिदिन दूसरे गांव जाना पड़ता है, जिससे सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बनी रहती हैं। कई अभिभावक आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण अपने बच्चों को दूसरे गांव के स्कूलों में भेज पाने में असमर्थ हैं, जिसके चलते अनेक बच्चों की पढ़ाई रुक गई है।

ग्रामीणों की मांग
ग्राम पंचायत देवरीमठ के लोगों ने जिला प्रशासन से पुनः आग्रह किया है कि यहां तत्काल मिडिल स्कूल की स्थापना की जाए, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अपने ही गांव में मिल सके।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More