
“हर बेटी-बेटा को शिक्षित करना ही समाज को देगा मजबूती”
KPN24:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायगढ़ जिले के बोईरदादर में आयोजित अखिल भारतीय कंवर समाज के वार्षिक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समाज की मांग पर 30 लाख रुपये की लागत से तैयार सामुदायिक भवन के प्रथम तल का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक स्वागत किया।
शिक्षा ही विकास का आधार – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री श्री साय ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि समाज का विकास शिक्षा से ही संभव है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं, बल्कि हर क्षेत्र में सफल बनने की कुंजी है। हर बेटा-बेटी को शिक्षित करना ही समाज को मजबूती देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार आदिवासी समाज के उत्थान और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक निरंतर पहुँच रहा है। उन्होंने समाज से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
जनजातीय गौरव दिवस ने दिया नई पहचान
मुख्यमंत्री श्री साय ने जनजातीय समाज के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को याद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित करना ऐतिहासिक सम्मान है।
उन्होंने बताया कि आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना और पीएम जनमन कार्यक्रम एक विशाल अभियान है जिसके माध्यम से मूलभूत सुविधाएँ तेजी से उपलब्ध कराई जा रही हैं।
वीर नारायण सिंह स्मारक संग्रहालय आदिवासी गौरव का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण की 25वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री ने रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय का लोकार्पण किया, जो आने वाली पीढ़ियों को वीर सेनानियों के बलिदान से परिचित कराएगा। यह पूरे आदिवासी समाज के लिए गौरव का विषय है।
नक्सलवाद समाप्ति और औद्योगिक विकास पर बल
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नक्सलवाद विकास में सबसे बड़ी बाधा रहा है, लेकिन सरकार के प्रयासों से यह अंतिम दौर में है। केंद्र सरकार ने 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद समाप्त करने का लक्ष्य तय किया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की नई औद्योगिक नीति के तहत 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिससे युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नये अवसर मिलेंगे।
कंवर समाज के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएँ
मुख्यमंत्री श्री साय ने मंच से कई विकासात्मक घोषणाएँ कीं
बोईरदादर रायगढ़ में एक और सांस्कृतिक भवन का निर्माण
सांस्कृतिक भवन तक मुख्य मार्ग से सीसी रोड निर्माण
लैलूंगा के टुरटूरा में नया सामाजिक भवन
लैलूंगा एवं घरघोड़ा में निर्मित सामाजिक भवन के विस्तार की घोषणा
मुख्य अतिथि मंच और उपस्थित जनप्रतिनिधि
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार सहित बड़ी संख्या में समाजजन और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।










