
मनीष विद्यार्थी खरगोन
KPN24 :- खरगोन जिले में अवैध शराब का कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है। शराब ठेकेदारों और कुछ भ्रष्ट अधिकारियों की मिलीभगत के आरोपों के बीच जिले के अधिकांश होटल और ढाबों में खुलेआम अवैध शराब परोसी जा रही है। ना तो आबकारी विभाग की ओर से कोई सख्ती दिखाई दे रही है और ना ही पुलिस की ओर से नियंत्रण के प्रभावी प्रयास नज़र आ रहे हैं।
स्थिति यह है कि सिर्फ दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में ही नहीं, बल्कि जिला मुख्यालय के बीचोबीच, भीड़भाड़ वाले बाजारों और प्रमुख मार्गों पर स्थित ढाबों में बिना अनुमति शराब की बिक्री धड़ल्ले से जारी है।
नई शराब नीति के नियम ताक पर
सूत्रों के अनुसार, नई शराब नीति के तहत सरकार ने चुनिंदा ठेकेदारों को दी गई लाइसेंस व्यवस्था को दरकिनार करते हुए कई ठेकेदारों ने होटल एवं ढाबा संचालकों से गठजोड़ कर अवैध कारोबार को बढ़ावा दिया है।
लंबे समय से चल रहे इस अवैध व्यापार की जानकारी पुलिस और आबकारी विभाग दोनों को होने के बावजूद भी कार्रवाई न होने को लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं। आम जनता में यह मांग तेजी से उठने लगी है कि आखिर अवैध शराब कारोबार पर रोक कब लगेगी?
“बगैर शराब के नहीं चलते ढाबे”
बिस्टान रोड, सेगांव रोड, सनावद रोड, भिकनगांव रोड, कसरावद रोड सहित जिले के अनेक मार्गों पर स्थित ढाबों पर बेधड़क शराब बेची जा रही है।
नाम न छापने की शर्त पर कुछ ढाबा संचालकों ने बताया कि –
“बिना शराब के ढाबा चलाना मुश्किल है। शराब बिकने से ही ग्राहकों की भीड़ होती है।”
एसपी ऑफिस के पास भी चल रहा गोरखधंधा
चौंकाने वाली बात यह है कि बिस्टान रोड स्थित एसपी ऑफिस और कोतवाली थाना से चंद कदमों की दूरी पर स्थित ढाबों में भी दिन-दहाड़े अवैध शराब बेची जा रही है।
एसपी बोले — बरतेंगे सख्ती
इस मुद्दे पर एसपी डॉ. रविन्द्र वर्मा ने कहा —
“शहर और जिले के ढाबों पर अवैध शराब बिक्री की जानकारी मिली है। ऐसे प्रतिष्ठानों पर जल्द दबिश देकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”










