
मनीष विद्यार्थी बुरहानपुर |
KPN24:- विश्व हिंदू परिषद मातृशक्ति द्वारा देशभर में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत सोमवार को दुर्गा वाहिनी एवं मातृशक्ति इकाई द्वारा बुरहानपुर जिले के ग्राम नाचनखेड़ा में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मातृशक्ति जिला संयोजिका संगीता दीदी एवं जिला सह संयोजिका दीपका दीदी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शाहपुर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। समाज और देश के विकास में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर नशा मुक्त भारत अभियान से जुड़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश के समक्ष नशा एक गंभीर सामाजिक चुनौती बन चुका है, जिसका सामूहिक रूप से सामना करने की आवश्यकता है। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने नशा मुक्त भारत के संकल्प के साथ यह प्रतिज्ञा ली कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम की जानकारी प्रचार-प्रसार प्रमुख दिनेश राठौड़ द्वारा दी गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं एवं समाज के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।










