
मुख्यमंत्री ने पार्थिव शरीर को कंधा देकर दी अंतिम विदाई
रायपुर | KPN24.com | 24 दिसम्बर 2025 :- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के शैलेन्द्र नगर स्थित वरिष्ठ साहित्यकार एवं ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित स्वर्गीय विनोद कुमार शुक्ल के निवास पहुंचकर उनके अंतिम दर्शन किए और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वर्गीय श्री शुक्ल के पार्थिव शरीर को कंधा देकर उन्हें भावपूर्ण अंतिम विदाई दी। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से कामना की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की माटी से उपजे महान साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल के निधन से हिंदी साहित्य जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। उनकी रचनाएं संवेदनशीलता, मानवीय सरोकारों और सरल किंतु गहन अभिव्यक्ति की अनुपम मिसाल हैं। उनकी लेखनी ने हिंदी साहित्य को नई ऊंचाइयां प्रदान की हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री शुक्ल का साहित्य न केवल पाठकों को गहराई से स्पर्श करता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का सशक्त स्रोत बना रहेगा। साहित्य जगत में उनका अवदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
उन्होंने कहा कि यह एक ऐसे सृजनशील व्यक्तित्व की अंतिम यात्रा थी, जिन्होंने साहित्य संसार को अनमोल कृतियां सौंपीं, जो हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं। साहित्यकार और कवि अपने विचारों के माध्यम से सदैव जीवित रहते हैं—उनकी कलम की स्याही शब्दों में अमर हो जाती है। विनोद कुमार शुक्ल का साहित्य हमारी सांस्कृतिक चेतना को निरंतर दिशा देता रहेगा।
स्वर्गीय श्री शुक्ल को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस अवसर पर प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, प्रेस अधिकारी आलोक सिंह, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, वरिष्ठ साहित्यकार, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।










