
KPN24:- सक्ती जिले के धान खरीदी केंद्र किकिरदा में शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मापदंडों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाला एफएक्यू (FAQ) किस्म का धान लेकर पहुंचे किसान लुदुराम डहरिया के धान को देखकर सोसायटी के अधिकारी एवं कर्मचारी बेहद प्रसन्न नजर आए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत जैजैपुर अंतर्गत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित किकिरदा (पंजीयन क्रमांक 1051), बैंक शाखा बिर्रा के अधीन संचालित धान उपार्जन केंद्र किकिरदा में दिनांक 23 दिसंबर (मंगलवार) को ग्राम पंचायत किकिरदा निवासी किसान लुदुराम डहरिया अपने खेत में उपजाए गए एफएक्यू श्रेणी के मानक एवं उच्च गुणवत्ता वाले धान को विक्रय करने पहुंचे।
किसान लुदुराम द्वारा उपार्जन केंद्र में कुल 75 बोरी धान लाया गया, जो पूरी तरह शासन की गाइडलाइन के अनुरूप पाया गया। धान की गुणवत्ता, सफाई और मानक स्तर को देखकर सोसायटी के अधिकारी-कर्मचारी ही नहीं, बल्कि वहां उपस्थित अन्य किसान एवं नागरिक भी प्रभावित हुए और किसान लुदुराम डहरिया के प्रयासों की सराहना करते नजर आए।
सोसायटी अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार का मानक एवं गुणवत्तापूर्ण धान शासन की मंशा के अनुरूप है और अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। क्षेत्र में किसान लुदुराम डहरिया के धान की गुणवत्ता की खूब चर्चा हो रही है।










