
15.48 करोड़ रुपये से अधिक की ऋण राशि स्वीकृत, 10 युवाओं को मिला रोजगार
जांजगीर-चांपा | 26 दिसंबर 2025 | KPN24.com जिले में आजीविका सशक्तिकरण एवं रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कलेक्टर जन्मेजय महोबे के मार्गदर्शन में निरंतर रोजगार एवं आजीविका ऋण मेलों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में आज जनपद पंचायत बलौदा अंतर्गत समरसत्ता भवन, जावलपुर में रोजगार एवं आजीविका ऋण मेला सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
आयोजित मेले में विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत कुल 408 ऋण प्रकरणों को स्वीकृति प्रदान की गई, जिसके माध्यम से 15 करोड़ 48 लाख रुपये से अधिक की ऋण राशि हितग्राहियों को स्वीकृत की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को आवश्यक सामग्री का वितरण भी किया गया।
उद्यमिता से बढ़ेगा रोजगार – कलेक्टर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि उद्यमिता केवल स्वयं की आजीविका का साधन नहीं, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करती है। उन्होंने महिलाओं से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर आजीविका गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।
कलेक्टर ने कहा कि बिहान योजना से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और आजीविका ऋण का सदुपयोग कर अपने व्यवसाय को नई ऊँचाइयों तक ले जा सकती हैं।
स्व-सहायता समूहों को शीघ्र मिल रही ऋण सुविधा – सीईओ
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे ने बताया कि जिले में स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आजीविका गतिविधियों के लिए त्वरित ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त होकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले से व्यवसाय कर रहीं महिलाएं भी ऋण के माध्यम से अपने कार्य का विस्तार कर सकती हैं।
रोजगार मेले में 10 युवाओं का चयन
युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित रोजगार मेले में निजी क्षेत्र के नियोजकों द्वारा भर्ती प्रक्रिया भी की गई। जिला रोजगार अधिकारी ने जानकारी दी कि कुल 23 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 10 युवाओं का चयन विभिन्न पदों के लिए किया गया।
चयनित पदों में—
इलेक्ट्रीशियन – 03 (स्किल कुल बालको, कोरबा)
वेल्डर – 03
फिटर – 02
होटल मैनेजमेंट – 02
सभी चयनित युवाओं को मौके पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत समाधान शिविर
मेले के दौरान प्रशासन गांव की ओर अभियान के अंतर्गत समाधान शिविर, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, रोजगार मेला एवं आजीविका ऋण से संबंधित स्टॉल लगाए गए। इन माध्यमों से स्वरोजगार, रोजगार एवं आवास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई गई।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष बलौदा श्रीमती शारदा सनत देवांगन, जनपद सीईओ बलौदा, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
जिला प्रशासन द्वारा आगामी दिनों में भी रोजगार एवं आजीविका ऋण मेलों का आयोजन किया जाएगा—
07 जनवरी 2026 – सद्भावना भवन, जनपद पंचायत पामगढ़
16 जनवरी 2026 – शासकीय हाई स्कूल भवन, ग्राम पंचायत कपिस्दा, जनपद पंचायत बम्हनीडीह
28 जनवरी 2026 – स्कूल संगठन भवन, ग्राम पंचायत खैरताल (जी.एल.डी.), स्कूल केरा रोड, जनपद पंचायत नवागढ़










