"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

धान खरीदी में पारदर्शिता और किसान हित सर्वोपरि – कलेक्टर जन्मेजय महोबे

खरीद केंद्र प्रभारियों, नोडल अधिकारियों एवं ऑपरेटरों की समीक्षा बैठक संपन्न

KPN24.com | 27 दिसंबर 2025 जांजगीर-चांपा 
जिले में धान खरीदी व्यवस्था को और अधिक सुचारू, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिला ऑडिटोरियम, जांजगीर में धान खरीदी से जुड़े नोडल अधिकारियों, खरीद केंद्र प्रभारियों एवं डेटा एंट्री ऑपरेटरों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली।

बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री महोबे ने पी.व्ही. ऐप एवं सतर्कता ऐप में जानकारी दर्ज करते समय विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी से संबंधित सभी प्रविष्टियाँ समय पर, सही एवं पूर्ण रूप से दर्ज की जाएँ, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि ऐप में गलत या अपूर्ण जानकारी दर्ज होने से किसानों को अनावश्यक समस्याएँ हो सकती हैं, इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। उन्होंने धान खरीदी केंद्रों पर नमी परीक्षण, तौल, भुगतान प्रक्रिया एवं टोकन व्यवस्था को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान ऐप संचालन, डेटा एंट्री, त्रुटि सुधार एवं सतर्कता से जुड़े प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी की संपूर्ण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखते हुए किसान हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। साथ ही एसडीएम एवं तहसीलदारों को रकबा समर्पण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने समिति प्रबंधकों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि शासन द्वारा निर्धारित वजन के अनुसार ही धान की तौलाई की जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अनाधिकृत धान खरीदी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा धान का सत्यापन पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाए।
बैठक में अपर कलेक्टर आर.के. तंबोली, जिला खाद्य अधिकारी कौशल साहू, सीसीबी नोडल अमित साहू, डीएमओ रमेश लहरे, सभी एसडीएम, धान खरीदी के नोडल अधिकारी एवं प्रभारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पटवारी, समिति प्रबंधक, कृषि विस्तार अधिकारी, डेटा एंट्री ऑपरेटर सहित अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More