"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जिला प्रशासन जांजगीर-चांपा एवं नगर पंचायत शिवरीनारायण की अनूठी पहल:- माता शबरी कार सेवा का शुभांरभ 

4 जनवरी को शिवरीनारायण में स्वच्छता सेनानी अभियान के तहत होगा सामूहिक श्रमदान

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में स्वच्छता को जन-आंदोलन का स्वरूप देने एवं शिवरीनारायण को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-संवेदनशील नगर के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन जांजगीर-चांपा एवं नगर पंचायत शिवरीनारायण द्वारा एक नवाचारपूर्ण पहल “माता शबरी कार सेवा” की शुरुआत की जा रही है। यह विशेष पहल कलेक्टर जन्मेजय महोबे के मार्गदर्शन में प्रारंभ की जा रही है।

इस अभियान के अंतर्गत 04 जनवरी 2026, रविवार को प्रातः 7:30 बजे शिवरीनारायण में सामूहिक श्रमदान एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
माता शबरी कार सेवा का उद्देश्य शिवरीनारायण के नदी-तटों, घाटों, चौपाटी एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित करना, प्लास्टिक उपयोग में कमी लाना, कचरा प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा नागरिकों में स्वच्छता के प्रति स्थायी संस्कार विकसित करना है।
कार्यक्रम के दौरान सहभागी नागरिकों को “स्वच्छता सेनानी” के रूप में जोड़ा जाएगा एवं उन्हें स्वच्छता संबंधी शपथ दिलाई जाएगी। इस शपथ में खुले में कचरा न फैलाने, घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने, घर-घर गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण तथा समाज को स्वच्छता के लिए प्रेरित करने जैसे संकल्प शामिल होंगे।
अभियान के अंतर्गत प्लास्टिक के उपयोग को कम करने हेतु नागरिकों से विशेष अपील की जाएगी, जिससे बाजार क्षेत्र एवं घाट परिसर को प्लास्टिक मुक्त बनाया जा सके। यह पहल नदी-तट संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
जिला प्रशासन एवं नगर पंचायत शिवरीनारायण द्वारा नगरवासियों, व्यापारी संघों, युवाओं, सामाजिक संगठनों, स्व सहायता समूहों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं जनप्रतिनिधियों से इस अभियान में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की गई है।
प्रशासन का मानना है कि जनभागीदारी, अनुशासन एवं निरंतर प्रयास ही स्वच्छता की स्थायी सफलता की कुंजी है। माता शबरी कार सेवा को आगे भी नियमित गतिविधियों के माध्यम से विस्तारित किया जाएगा, जिससे शिवरीनारायण को स्वच्छ एवं आदर्श नगर के रूप में स्थापित किया जा सके।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More