
कलेक्टर जन्मेजय महोबे का नागरिकों से आह्वान—
“शिवरीनारायण केवल नगर नहीं, हमारी आस्था है, इसे स्वच्छ रखना हमारा कर्तव्य”
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में स्थित माता शबरी की पावन नगरी शिवरीनारायण को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक-मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला प्रशासन जांजगीर-चांपा एवं नगर पंचायत शिवरीनारायण द्वारा “शबरी कार सेवा” अभियान का आज शुभारंभ किया गया।
इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता को केवल शासकीय कार्यक्रम न बनाकर जन-आंदोलन के रूप में विकसित करना है।
स्वच्छता सेनानी अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत नदी-घाट पर सामूहिक श्रमदान एवं जन-जागरूकता गतिविधियों के साथ की गई। अभियान में कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, एसडीएम सुब्रत प्रधान, नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठन, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता निभाई।
“शबरी कार सेवा निरंतर चलने वाला अभियान है” — कलेक्टर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि शिवरीनारायण केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत है, जहाँ तीन नदियों का पावन संगम है। ऐसी धरोहर को स्वच्छ रखना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शबरी कार सेवा एक दिवसीय अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली जनभागीदारी की मुहिम है, जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
कलेक्टर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जिस प्रकार हम अपने घर को स्वच्छ रखते हैं, उसी प्रकार पूरे नगर को अपना घर मानकर स्वच्छता अपनानी होगी। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक कर उन्हें इस अभियान से जोड़ा जाएगा।
नागरिकों ने लिया संकल्प— “शिवरीनारायण हमारा है”
अभियान के दौरान नगरवासियों, विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं, पुजारीगण एवं श्रद्धालुओं ने एक स्वर में संकल्प लिया—
“शिवरीनारायण हमारा है और इसे स्वच्छ रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।”
कलेक्टर द्वारा नागरिकों को स्वच्छता सेनानी की शपथ दिलाई गई, जिसमें खुले में कचरा न फैलाने, घर-घर गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण करने और दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संकल्प शामिल रहा।
“स्वच्छता कार्यक्रम नहीं, नागरिक आदत बने”
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग का कार्य नहीं, बल्कि हर नागरिक की दैनिक आदत बननी चाहिए। प्रशासन और समाज की साझेदारी से ही शिवरीनारायण को आदर्श धार्मिक एवं पर्यटन नगर के रूप में विकसित किया जा सकता है।
100 प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण पर जोर
अभियान के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत करते हुए 100 प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, खुले में कचरा फेंकने पर रोक और सतत निगरानी व्यवस्था लागू की जा रही है।
डस्टबिन-फ्री बाजार की अवधारणा से स्वच्छ और अनुशासित बाजार संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्व-सहायता समूहों एवं महिलाओं को स्वच्छता कार्यों से जोड़कर रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर सृजित किए जा रहे हैं।
प्लास्टिक-मुक्त व्यवहार और पर्यटन विकास की अपील
नागरिकों से अपील की गई कि वे बाजार जाते समय कपड़े या जूट के थैले का उपयोग करें और प्लास्टिक का त्याग करें। घाटों के सौंदर्यीकरण, अनुभव क्षेत्र (एक्सपीरियंस ज़ोन), नाव संचालन और नदी-तट प्रबंधन से स्वच्छता के साथ-साथ पर्यटन एवं पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा।
“स्वच्छता मित्र” होंगे सम्मानित
नगर की स्वच्छता व्यवस्था से जुड़े सफाई कर्मचारियों को “स्वच्छता मित्र” के रूप में सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई। कलेक्टर ने कहा कि इनके समर्पण के बिना स्वच्छ शिवरीनारायण की कल्पना अधूरी है।










