
लोहरसी, धरदेई व मेउभाटा ग्रामों में निर्माणाधीन आवासों की प्रगति का लिया जायजा
KPN24:- जांजगीर–चांपा जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण एवं महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे ने जनपद पंचायत पामगढ़ अंतर्गत विभिन्न ग्रामों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री रावटे ने लोहरसी, धरदेई एवं मेउभाटा ग्रामों में प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों की स्थल पर जाकर प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर आवास निर्माण की स्थिति, गुणवत्ता एवं मजदूरी भुगतान की जानकारी ली।
सीईओ श्री रावटे ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण के प्रत्येक हितग्राही को 90 दिवस की अकुशल श्रमिक मजदूरी का लाभ अनिवार्य रूप से प्रदान किया जाए तथा सभी आवासों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल आवास निर्माण तक सीमित न रहे, बल्कि इससे जुड़ी आजीविका एवं रोजगार की सुविधाएं भी हितग्राहियों तक सुनिश्चित रूप से पहुंचनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मांग के अनुरूप तकनीकी मापदंडों के अनुसार आजीविका डबरी निर्माण कराए जाने तथा इसके माध्यम से हितग्राहियों के लिए आजीविका संवर्धन योजना तैयार कर उसे प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही सीईओ ने प्रत्येक माह की 7 तारीख को आयोजित रोजगार दिवस एवं आवास दिवस के अवसर पर हितग्राहियों से क्यूआर कोड स्कैन करवाकर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने एवं उनके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं के प्रति जागरूक होकर उनका लाभ उठा सकें।
निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री रावटे ने संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को हितग्राहियों के साथ सतत समन्वय बनाए रखने, नियमित निगरानी करने तथा आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर जनपद पंचायत एवं ग्राम पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।










