"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जिले की सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों में 2 से 9 जनवरी तक मनाया जा रहा रजत जयंती चावल उत्सव

KPN24:- जांजगीर-चांपा में छत्तीसगढ़ राज्य गठन की रजत जयंती के अवसर पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा विभागीय गतिविधियों को विशेष सप्ताह के रूप में मनाया जा रहा है।

इसी कड़ी में जिले की सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों में 02 जनवरी से 09 जनवरी 2026 तक छत्तीसगढ़ रजत जयंती चावल उत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
जिला खाद्य अधिकारी कौशल साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि रजत जयंती चावल उत्सव के अंतर्गत जिले की सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, निगरानी समिति के सदस्यों, दुकान संचालकों एवं हितग्राहियों की सहभागिता से कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस उत्सव का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं जनहितकारी बनाना है।
विशेष सप्ताह के दौरान शेष राशन कार्डधारियों एवं हितग्राहियों की ई-केवाईसी पूर्ण कराने हेतु विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि सभी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त कर सकें। इसके साथ ही सभी उचित मूल्य दुकानों में सूचना बोर्ड, स्टॉक पंजी, वितरण पंजी एवं चावल उत्सव पंजी को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे रिकॉर्ड संधारण में पारदर्शिता बनी रहे।
इसी क्रम में आज जिले के शासकीय उचित मूल्य दुकान सिवनी (आईडी क्रमांक 542004027) में छत्तीसगढ़ रजत जयंती चावल उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती उमा राजेंद्र राठौर, जनपद सदस्य बलौदा चुड़ामणि राठौर, ग्राम पंचायत सिवनी की सरपंच श्रीमती कृष्ण कुमारी गोंड, ग्राम सचिव राधेश्याम पाटले सहित प्राथमिकता, अंत्योदय, निराश्रित एवं सामान्य राशन कार्डधारी हितग्राही बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सेल्समेन श्रीमती राधिका राठौर द्वारा माह जनवरी 2026 के अंतर्गत हितग्राहियों को चावल, शक्कर एवं नमक का वितरण किया गया।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More