
KPN24:- छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल के समग्र और संतुलित विकास को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह बात मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज मंत्रालय महानदी भवन, रायपुर में सुकमा जिले की सुदूरवर्ती ग्राम पंचायतों से आए जनप्रतिनिधियों से सौजन्य भेंट एवं आत्मीय संवाद के दौरान कही।
मुख्यमंत्री श्री साय से हमर छत्तीसगढ़ जन भ्रमण योजना के अंतर्गत राजधानी भ्रमण पर आए पंचायत प्रतिनिधियों ने मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों का हालचाल जाना और उनके अनुभवों को ध्यानपूर्वक सुना।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बस्तर अंचल का सर्वांगीण विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को बस्तर के अंतिम गांव तक पहुंचाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। सुदूर अंचलों में सुरक्षा बलों के कैंप स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे विकास कार्यों को सुरक्षा और स्थायित्व दोनों मिल रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि अब बस्तर के अधिकांश गांवों में शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकानों की स्थापना हो चुकी है और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक प्रभावी रूप से पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि निकट भविष्य में बस्तर क्षेत्र पूरी तरह नक्सलमुक्त होगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार आत्मनिर्भर बस्तर के लक्ष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है। इसी उद्देश्य से बस्तर अंचल के जनप्रतिनिधियों को राजधानी भ्रमण का अवसर दिया जा रहा है, ताकि वे यहां के विकास मॉडल से प्रेरणा लेकर अपने क्षेत्रों में चहुंमुखी विकास को गति दे सकें।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि हमर छत्तीसगढ़ जन भ्रमण योजना के अंतर्गत सुकमा जिले की विभिन्न सुदूरवर्ती ग्राम पंचायतों के लगभग 100 पंचायत प्रतिनिधि राजधानी रायपुर के दो दिवसीय भ्रमण पर आए हैं। भ्रमण के दौरान जनप्रतिनिधियों को मंत्रालय, जंगल सफारी, आदिवासी संग्रहालय, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट एवं शॉपिंग मॉल जैसे प्रमुख और महत्वपूर्ण स्थलों का अवलोकन कराया गया।










