"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

चरित्र शंका में प्रेमिका की हत्या, उसी के दुपट्टे से गला घोंटकर उतारा मौत के घाट

24 घंटे में पुलिस ने आरोपी प्रेमी को दबोचा, भेजा गया जेल

मनीष विद्यार्थी खरगोन।

KPN24:- खरगोन जिले के भीकनगांव थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। चरित्र शंका के चलते एक युवक ने अपनी प्रेमिका की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी ने धोखे से महिला को जंगल क्षेत्र में बुलाया और वहीं उसी के दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। मामले में भीकनगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

तालाब किनारे मिला महिला का शव
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 जनवरी को भीकनगांव पुलिस को सूचना मिली कि झिरनिया रोड स्थित गणपति बेड़ा के सामने तालाब किनारे झाड़ियों में एक महिला का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव की पहचान फ्रीगंज भीकनगांव निवासी संगीता (28) के रूप में हुई।
घटनास्थल पर मिला दुपट्टा, हत्या की आशंका
घटनास्थल की बारीकी से जांच करने पर मृतिका के नाक से खून निकलता पाया गया, वहीं पास ही पलाश की झाड़ियों में उसका दुपट्टा पड़ा हुआ था। परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका हुई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि
मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
दो बच्चों की मां थी मृतिका
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतिका की शादी राजस्थान में हुई थी और वह दो बच्चों की मां थी। इसी दौरान उसका प्रेम प्रसंग पंधाना निवासी योगेश से चल रहा था।
CCTV फुटेज से मिला अहम सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने फ्रीगंज भीकनगांव से घटनास्थल तक के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में मृतिका 4 जनवरी को सराफा बाजार से पैदल घटनास्थल की ओर जाती दिखाई दी। इसी दिन आरोपी योगेश को भी घटनास्थल के आसपास देखा गया।
गांव से गिरफ्तार हुआ आरोपी
साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ग्राम जामली, पंधाना पहुंची और आरोपी योगेश पिता कालू बारे को हिरासत में लिया। पुलिस अभिरक्षा में पूछताछ के दौरान आरोपी ने मृतिका के चरित्र पर शंका होने के कारण उसे बुलाकर गला घोंटकर हत्या करना स्वीकार किया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरे प्रकरण में पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा के निर्देशन में, एसडीओपी भीकनगांव राकेश आर्य के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी गुलाब सिंह रावत के नेतृत्व में गठित टीम ने सराहनीय कार्य किया। टीम में सउनि दीपक मंडलोई सहित पुलिस स्टाफ, एफएसएल अधिकारी डॉ. सुनील मकवाना की टीम एवं साइबर सेल का विशेष योगदान रहा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More