"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

कलेक्टर-एसपी ने ली जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक

अवैध उत्खनन, परिवहन व भंडारण पर सख्ती के निर्देश
खनिज से जुड़ी अवैध गतिविधियों पर संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी

KPN24:-जांजगीर-चांपा जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक ली। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्टर श्री महोबे ने स्पष्ट कहा कि खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय से जिलेभर में अवैध खनन गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें और नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने अवैध उत्खनन व परिवहन में संलिप्त वाहनों के चालकों के विरुद्ध कठोर कदम उठाते हुए उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने सूचना तंत्र को मजबूत करने पर जोर देते हुए कोटवार, ग्राम पंचायत सचिव, पटवारी सहित सभी मैदानी अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित विभागों को दें, ताकि त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने दो टूक कहा कि अवैध गतिविधियों के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने अवैध खनन से प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने तथा रात्रिकालीन समय में अवैध खनिज परिवहन पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों का निरंतर निरीक्षण कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने और राजस्व, पुलिस व खनिज विभाग के संयुक्त अभियानों को और तेज करने की बात कही।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, खनिज विभाग के अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
526 प्रकरणों में डेढ़ करोड़ से अधिक की वसूली
बैठक में खनिज अधिकारी ने जानकारी दी कि जिला उड़नदस्ता दल द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में दिसंबर 2025 तक खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के कुल 526 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन प्रकरणों में 1 करोड़ 50 लाख 32 हजार 310 रुपये की वसूली कर खनिज मद में जमा कराई गई है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More