"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

शराब के लिए पैसे मांगने पर युवक ने लहराया चाकू, कोतवाली पुलिस ने किया गिरफ्तार

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले एक मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी शराब पीने के लिए जबरन पैसे मांग रहा था और मना करने पर विवाद कर रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 10 जनवरी 2026 को शाम करीब 7 बजे वह अपने दोस्तों के साथ बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान लिंक रोड स्थित शिव मंदिर के पास आरोपी ने उसे रोककर शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। पैसे देने से इंकार करने पर आरोपी ने अपने पास रखे धारदार चाकू से डराना-धमकाना शुरू कर दिया। प्रार्थी के साथ मौजूद दोस्तों के हस्तक्षेप पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली में तत्काल अपराध पंजीबद्ध किया गया और इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं सीएसपी कोतवाली योगिता बाली खापर्डे को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना की गई।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर लिंक रोड शिव मंदिर के पास से भागते हुए एक युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम रेहान खान, पिता उस्मान अली, उम्र 19 वर्ष, निवासी बगीचा पारा, नैला, जांजगीर बताया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने शराब के लिए पैसे मांगने और चाकू से डराने की घटना स्वीकार की। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 01 नग धारदार चाकू बरामद कर जब्त किया गया।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए विधिवत गिरफ्तार कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी, सिटी कोतवाली), प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर एवं आरक्षक नितीश विश्वकर्मा का विशेष योगदान रहा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More