
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के बम्हीनडीह थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान अपने ही सगे बड़े भाई की चाकू से हमला कर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। थाना बम्हीनडीह पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जिलेभर में सराहना हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 11 जनवरी 2026 को दोपहर लगभग 3 बजे मुसलमान मोहल्ला, बम्हीनडीह निवासी साहिल खान और उसका बड़ा भाई सफर खान लकड़ी काटने की बात को लेकर आपस में विवाद कर रहे थे। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी साहिल खान ने हत्या की नीयत से अपने पास रखे धारदार चाकू से बड़े भाई के सीने पर ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
इलाज के दौरान सफर खान की मृत्यु हो गई।
घटना की रिपोर्ट पर थाना बम्हीनडीह में आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आरोपी की तत्काल तलाश शुरू की गई।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप एवं एसडीओपी चांपा यदुमणि सिदार के कुशल मार्गदर्शन में मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने 12 जनवरी 2026 को दबिश देकर आरोपी साहिल खान पिता शेख मोहम्मद, उम्र 20 वर्ष, निवासी मुसलमान मोहल्ला बम्हीनडीह को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने मेमोरेण्डम कथन में अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू को भी बरामद कर लिया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस सराहनीय कार्रवाई में उपनिरीक्षक के. पी. सिंह, सहायक उपनिरीक्षक जयनंदन मार्बल, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, मिलन राठौर, राकेश चतुर्थी, आर. शैलेन्द्र राठौर, सचेंद्र साहू, दिलीप माथुर, उमेश कश्यप, जयराम बिंझवार, अमीर पैकरा, भूपेंद्र गोस्वामी एवं शिवभोला कश्यप का विशेष योगदान रहा।










