"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

राज्य के 8 युवाओं और एक संगठन को मिला छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान

दृढ़ इच्छाशक्ति, परिश्रम और समर्पण से लक्ष्य की ओर बढ़ें युवा – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

KPN24:- राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आज राजधानी रायपुर के नवीन विश्राम भवन में आयोजित युवा रत्न सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्य के 8 युवाओं और एक सामाजिक संगठन को छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान से सम्मानित किया। यह समारोह खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक, खेल, नवाचार सहित अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले युवाओं को सम्मानित करते हुए कहा कि भारत युवाओं का देश है और छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति राज्य की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को आत्मसात करते हुए दृढ़ इच्छाशक्ति, परिश्रम, समर्पण और संकल्प के साथ अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि मात्र 31 वर्ष की आयु में उन्होंने भारत की सांस्कृतिक समृद्धि और सभ्यता को विश्व पटल पर गौरव दिलाया। उन्होंने राज्य की प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन देने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की पहल की सराहना की।

सरकार युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध – अरुण साव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद से प्रेरणा लेकर आज देश के करोड़ों युवा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। युवा रत्न सम्मान के लिए प्राप्त आवेदनों से यह स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ प्रतिभाओं से परिपूर्ण राज्य है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य में पहली बार 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को व्यक्तिगत विकास और समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए “युवा रत्न सम्मान” प्रदान किया गया है।


इस वर्ष से शुरू हुआ युवा रत्न सम्मान – यशवंत कुमार
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने स्वागत भाषण में बताया कि युवा रत्न सम्मान के लिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से विभिन्न क्षेत्रों से चयन करना चुनौतीपूर्ण था। राज्य के युवा अनेक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं, जिन्हें सम्मानित और रेखांकित करने के उद्देश्य से इस वर्ष से यह सम्मान प्रारंभ किया गया है।
कार्यक्रम में राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल, विभाग की उप संचालक श्रीमती रश्मि ठाकुर सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने निम्न प्रतिभाओं को छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान प्रदान किया—
पीयूष जायसवाल (बेमेतरा) – एस्ट्रोफिजिक्स के सबसे कम उम्र के वैज्ञानिक एवं पीएचडी छात्र, NASO ओलंपियाड स्वर्ण पदक विजेता
सुश्री शिल्पा साहू (कांकेर) – सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य
अमित यादव (सरगुजा) – साहित्य के क्षेत्र में योगदान
सुश्री मृणाल विदानी (महासमुंद) – नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य
सुश्री परिधि शर्मा (दुर्ग) – शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान
सुश्री संजू देवी (बिलासपुर) – अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी (खेल)
सचिन कुनहरे (कवर्धा) – कला एवं संस्कृति
सुश्री आरू साहू – लोककला के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य
इसके साथ ही धमतरी जिले के खुरतुली स्थित युवा स्टार सेवा समिति को स्वास्थ्य, पर्यावरण, स्वच्छता, साक्षरता, महिला उत्थान, सामाजिक जागरूकता, नशामुक्ति, मतदाता जागरूकता एवं जल संरक्षण जैसे क्षेत्रों में सराहनीय योगदान के लिए छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More