
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिला कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राजस्व एवं खनिज विभाग के संयुक्त दल द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
आज की कार्रवाई के दौरान तहसील जांजगीर अंतर्गत ग्राम लछनपुर स्थित रेत घाट में अवैध रूप से रेत उत्खनन करते हुए पाए जाने पर संयुक्त दल ने मौके पर ही कार्रवाई की। जांच के दौरान अवैध उत्खनन में संलिप्त 01 चैन माउंटेन मशीन एवं 01 ट्रैक्टर को जब्त कर सीलिंग की कार्यवाही की गई। जब्त किए गए वाहनों को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है तथा आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के अंतर्गत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। दोषियों पर जुर्माना, जब्ती एवं अन्य वैधानिक दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए सतत निगरानी रखी जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त न की जाए। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या परिवहन की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि पर्यावरण संरक्षण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मिल सके।










