
KPN24:- जांजगीर-चाम्पा जिले के चाम्पा थाना क्षेत्र में हुई 20 लाख रुपये से अधिक की लूट और अपहरण की वारदात का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस जटिल और सुनियोजित अपराध का पर्दाफाश सायबर टीम एवं थाना चाम्पा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से संभव हो सका।
दो माह पहले रची गई थी लूट की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि इस लूट की योजना करीब दो माह पूर्व बनाई गई थी। आरोपियों ने कंपनी के सुपरवाइजर की रेकी कर उसके आने-जाने के समय, रास्ते और नकदी की जानकारी जुटाई थी।
मिर्ची पावडर से हमला, अपहरण और जानलेवा साजिश
दिनांक 09 जनवरी 2026 को मेसर्स अरविंद इंडस्ट्रीज चाम्पा के सुपरवाइजर हरीश देवांगन कंपनी की नकदी कलेक्शन कर सक्ती से चाम्पा लौट रहे थे। रास्ते में ग्राम कोसमंदा के पास आरोपियों ने उनकी आंखों में मिर्ची पावडर फेंक दिया, बैग छीनने का प्रयास किया और विरोध करने पर जबरन कार में बैठाकर अपहरण कर लिया।
आरोपियों ने पीड़ित को मारपीट व धमकी देते हुए मैनपाट ले जाकर गहरी खाई में धक्का दे दिया और उसे मरा समझकर फरार हो गए। पीड़ित पूरी रात खाई में फंसा रहा और किसी तरह जान बचाकर अगली सुबह सहायता प्राप्त की।
300 से अधिक CCTV कैमरों की जांच से मिला अहम सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। सायबर टीम ने चाम्पा, बलौदा और कोरबा क्षेत्र के करीब 300 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। आधे-अधूरे वाहन नंबर और बनावट के आधार पर संदिग्ध कार की पहचान की गई।
सायबर टीम की तकनीकी दक्षता से आरोपियों तक पहुंच
तकनीकी विश्लेषण के बाद घटना में प्रयुक्त काली रंग की वेन्यू कार की पहचान की गई, जो बिरगहनी निवासी अमीर मिरी के नाम पर पंजीकृत पाई गई। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी
योगेश रात्रे उर्फ छोटे, पिता नरसिंग रात्रे, उम्र 32 वर्ष, निवासी बिरगहनी, थाना जांजगीर
जमुना सेवायक, पिता गणेश सेवायक, उम्र 25 वर्ष, निवासी चरणनगर, चाम्पा
महेश्वर दिवाकर उर्फ छोटे दाउ, पिता कांशीराम दिवाकर, उम्र 19 वर्ष, निवासी चरणनगर, चाम्पा
अमीर मिरी उर्फ भोलू, पिता मनोज मिरी, उम्र 25 वर्ष, निवासी बिरगहनी, जांजगीर
बरामद सामग्री
लूट की नकदी ₹13,75,000
अपहरण में प्रयुक्त हुंडई वेन्यू कार
चाकू, बेसबॉल स्टीक
5 मोबाइल फोन
प्रकरण में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, SDOP चाम्पा यदुमणि सिदार, CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में सायबर सेल और थाना चाम्पा पुलिस की अहम भूमिका रही। सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, थाना प्रभारी अशोक वैष्णव सहित पूरी टीम की सराहना की गई है।










