
KPN24:- छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में रायपुर प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी पदाधिकारियों को निर्वाचन में मिली सफलता पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने लोकतंत्र में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि एक सशक्त, निष्पक्ष और जिम्मेदार मीडिया लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि रायपुर प्रेस क्लब जनहित से जुड़े मुद्दों को पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ समाज के समक्ष प्रस्तुत करता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकार समाज और शासन के बीच सेतु का कार्य करते हैं और उनकी सकारात्मक भूमिका से शासन व्यवस्था अधिक पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनती है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, उपाध्यक्ष दिलीप कुमार साहू, महासचिव गौरव शर्मा, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव श्रीमती निवेदिता साहू तथा भूपेश जांगड़े सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।










