
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले की प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्या पकरिया (ल) अंतर्गत धान खरीदी केंद्र पकरिया (ल) में पदस्थ कम्प्यूटर ऑपरेटर श्रीमती भावना सिंह के विरुद्ध गंभीर अनियमितता पाए जाने पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई है।
प्राधिकृत अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार कम्प्यूटर ऑपरेटर द्वारा जिला स्तर पर गलत जानकारी प्रस्तुत कर अवैध रूप से टोकन काटते हुए धान खरीदी का प्रयास किया गया। उक्त कृत्य को छत्तीसगढ़ सहकारी संस्थाओं के कर्मचारियों हेतु लागू सेवा नियम 2018 की कंडिका 17 के अंतर्गत गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए श्रीमती भावना सिंह को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान संबंधित कर्मचारी को सेवा नियमों के प्रावधानों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता समिति द्वारा देय होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।










