"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

20 लाख की सनसनीखेज लूट का फरार आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चाम्पा पुलिस की बड़ी कामयाबी, लूट गिरोह पूरी तरह बेनकाब

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के थाना चाम्पा क्षेत्र में 20 लाख रुपये से अधिक की रकम की सनसनीखेज लूट के मामले में  पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस प्रकरण में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

गिरफ्तार आरोपी सुनील कुमार कुर्रे पिता गोरेलाल (28 वर्ष), निवासी बिरग़हनी, थाना जांजगीर के कब्जे से पुलिस ने 2,68,000 रुपये नगद, एक मोबाइल फोन एवं एटीएम कार्ड बरामद किया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 111(1), 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मिर्ची पावडर, अपहरण और मौत के डर का खौफनाक खेल
प्रकरण के अनुसार, प्रार्थी हरीश देवांगन, निवासी चाम्पा, जो पिछले 4–5 वर्षों से मेसर्स अरविंद इंडस्ट्रीज में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है, 9 जनवरी 2026 को कंपनी का कैश कलेक्शन करने सक्ती गया था।
हरीश ने सक्ती से 15,66,200 रुपये एवं ठठारी से 4,52,500 रुपये, कुल 20,18,700 रुपये एकत्र कर मोटरसाइकिल से चाम्पा लौट रहा था।
दोपहर करीब 3:30 बजे, ग्राम कोसमंदा मेन रोड तालाब के पास, काले रंग की एक संदिग्ध कार (CG-11 BN-13, अंतिम दो अंक ढंके हुए) से आए बदमाशों ने उसकी आंखों में मिर्ची पावडर फेंक दिया। आंखों में तेज जलन के कारण जब हरीश मोटरसाइकिल रोककर आंखें साफ करने लगा, तभी तीन बदमाशों ने उस पर हमला कर पैसों से भरा बैग छीनने की कोशिश की।
विरोध करने पर बदमाशों ने हरीश को जबरन कार में बैठा लिया, मोबाइल छीन लिया और मारपीट करते हुए उसे रात करीब 9 बजे मैनपाट सेल्फी प्वाइंट के पास ले जाकर गहरी खाई में धक्का दे दिया। आरोपी उसे मरा समझकर फरार हो गए।
हरीश पूरी रात खाई में पेड़ के सहारे फंसा रहा। सुबह किसी तरह सड़क तक पहुंचा और लिफ्ट लेकर कापू पहुंचा, जहां एक कंप्यूटर दुकान से मोबाइल लेकर अपने ऑफिस को घटना की सूचना दी।
सायबर टीम की सूझबूझ से खुली लूट की परतें
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में सायबर टीम को तत्काल सक्रिय किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, SDOP चाम्पा यदुमणि सिदार एवं CSP जांजगीर श्रीमती योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में सायबर टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
तकनीकी विश्लेषण और अनुभव के आधार पर घटना में प्रयुक्त काली कार की पहचान कर ली गई, जो बिरगहनी चाम्पा निवासी अमीर मिरी के नाम पर पंजीकृत पाई गई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है।
पूरी लूट की साजिश कबूल, रकम और हथियार बरामद
पूछताछ में अमीर मिरी ने अपने साथियों योगेश रात्रे, जमुना सेवायक, महेश्वर दिवाकर एवं अन्य के साथ मिलकर लूट की पूरी साजिश रचने की बात स्वीकार की।
आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने अब तक 13,75,000 रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त कार, चाकू, बेसबॉल स्टिक एवं 5 मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।
फरार आरोपी भी गिरफ्त में
घटना के बाद से फरार चल रहा आरोपी सुनील कुमार कुर्रे को मुखबिर की सूचना पर पकड़कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्यवाही में निरीक्षक अशोक वैष्णव, ASI उमेंद्र मिश्रा सहित थाना चाम्पा स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More