
शासकीय हाई स्कूल मैदान, जांजगीर में होगा भव्य आयोजन
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में गणतंत्र दिवस को गरिमामय, भव्य और अनुशासित ढंग से मनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने बुधवार को शासकीय हाई स्कूल मैदान, जांजगीर में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों का मौके पर पहुंचकर गहन निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने मुख्य मंच की साज-सज्जा, ध्वजारोहण व्यवस्था, हर्ष फायर, परेड की रिहर्सल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, दर्शक दीर्घा, बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था, साउंड सिस्टम तथा विभागीय झांकियों सहित सभी आवश्यक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी कार्य समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं, ताकि समारोह ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बन सके।
कलेक्टर ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान के प्रति सम्मान का प्रतीक है, इसलिए इसकी प्रत्येक व्यवस्था में अनुशासन, सुरक्षा और गरिमा सर्वोपरि होनी चाहिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरतने और सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर, एसडीएम सुब्रत प्रधान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










