
KPN24:-छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में गुरुवार को एक भीषण औद्योगिक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। बकुलाही स्थित रियल इस्पात प्लांट (Real Steel Plant) में डीएससी कोयला भट्ठी में हुए अचानक विस्फोट में 7 मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के समय मजदूर कोयला भट्ठी के आसपास सफाई कार्य में जुटे हुए थे। इसी दौरान भट्ठी में तेज धमाके के साथ विस्फोट हुआ, जिससे मजदूर गर्म कोयले और आग की चपेट में आ गए। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसमान में कई मीटर ऊंचाई तक काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया और प्लांट की इमारत की दीवारें तक काली पड़ गईं।
घटना के बाद प्लांट परिसर में राख और जला हुआ कोयला चारों ओर बिखरा नजर आया। हादसे की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। वहीं, घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मृत मजदूरों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इस पूरे मामले की जांच निपनिया चौकी एवं भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस द्वारा की जा रही है। फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल सका है, जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है, वहीं औद्योगिक सुरक्षा मानकों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।










