
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार सख्त रुख अपनाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना नवागढ़ पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे दो हाईवा वाहनों को जप्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवापारा एवं केवा रेत घाट क्षेत्र में दबिश के दौरान अवैध रूप से रेत से भरे हाईवा वाहनों को मौके पर पकड़ा गया। जांच में अवैध उत्खनन एवं परिवहन की पुष्टि होने पर दोनों वाहनों को तत्काल जप्त कर लिया गया।
इस मामले में संबंधित वाहन चालक एवं मालिकों के विरुद्ध गौण खनिज अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक विधिक प्रावधानों के तहत इस्तगाशा तैयार कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक कमलेश सेंडे, थाना प्रभारी नवागढ़ एवं खनिज विभाग की टीम का सराहनीय योगदान रहा।










