
KPN24:- भारत सरकार की रैंप योजना के अंतर्गत सीएसआईडीसी रायपुर के बैनर तले एवं एनआईएमएसएमई हैदराबाद द्वारा टूरिज्म सेक्टर के लिए सेक्टर स्पेसिफिक ट्रेनिंग प्रोग्राम का शुभारंभ आज बिलासपुर के सीपत चौक स्थित होटल रीति-रिवाज के बैंक्वेट हॉल में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रख्यात उद्योगपति एवं समाजसेवी हरीश केडिया तथा विशेष अतिथि के रूप में कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जितेंद्र गांधी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ।
मुख्य अतिथि एवं विशेष अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में पर्यटन उद्योग न केवल व्यवसाय बल्कि रोजगार सृजन का भी सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है। उन्होंने अपने देश-विदेश के पर्यटन अनुभव साझा करते हुए युवाओं एवं उद्यमियों को इस क्षेत्र में नवाचार और अवसरों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन गार्गी फाउंडेशन, बिलासपुर की निदेशक श्रीमती बिंदु सिंह द्वारा किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 32 उद्यमियों ने पंजीयन कराया।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस में एनआईएमएसएमई के प्रतिनिधि कृतेश हिरवानी ने पर्यटन के विभिन्न स्वरूपों, इको-टूरिज्म के उभरते ट्रेंड्स एवं इस क्षेत्र को प्रभावित करने वाले कारकों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। साथ ही उद्यमियों का उद्यम पंजीयन भी किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम तीन दिवसीय है। आगामी दिवस में उद्योग विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ शासन की उद्योग नीति 2024–30 के अंतर्गत पर्यटन उद्योग से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। वहीं अंतिम दिवस में कोरबा के कोरबियन एडवेंचर क्लब द्वारा अपने अनुभव साझा करते हुए विशेष वर्कशॉप आयोजित की जाएगी। प्रशिक्षण उपरांत प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
इसी कड़ी में बिलासपुर जिले के सीपत चौक स्थित होटल रीति-रिवाज में 30-31 जनवरी एवं 1 फरवरी को इसी प्रकार का एक और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें पर्यटन उद्योग से प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े उद्यमी, महिला स्व-सहायता समूह एवं एनजीओ भाग ले सकते हैं।
अधिक जानकारी हेतु मोबाइल नंबर 75661 9551 पर संपर्क किया जा सकता है।










