
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा में 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रीय एकता, संविधान की गरिमा एवं देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से देव पब्लिक स्कूल बिर्रा द्वारा 400 फीट लंबी भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा बिर्रा बस स्टैंड चौक से प्रारंभ होकर बाजार चौक तक निकाली गई, जिसने पूरे नगर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
तिरंगा यात्रा में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं नगरवासियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। हाथों में विशाल तिरंगा, देशभक्ति नारों और गीतों के साथ निकली यह यात्रा बिर्रा नगर के लिए एक प्रेरणास्पद एवं गौरवपूर्ण क्षण साबित हुई।
विद्यालय संचालक दिनेश कुमार चंद्रा ने बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर यह यात्रा जनप्रतिनिधियों एवं विद्यालय परिवार के सहयोग से निकाली गई। यात्रा से पूर्व थाना बिर्रा को सूचित कर यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर देव पब्लिक स्कूल के समस्त छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं, गणमान्य नागरिक, सरपंच, पंचगण एवं स्थानीय पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने स्थानीय युवाओं एवं बच्चों में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत किया।
वहीं, बिर्रा में संचालित जय भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल एवं कैरियर प्वाइंट किड्स स्कूल द्वारा भी अपने-अपने विद्यालय परिसरों से प्रभातफेरी निकाली गई, जिसमें जयघोष के साथ देशभक्ति का संदेश दिया गया।
तिरंगा यात्रा एवं प्रभातफेरी में सरपंच प्रतिनिधि एकादशिया साहू, मणीलाल कश्यप, जितेंद्र तिवारी, एकांश पटेल, कमल खूंटे, एस.एल. चंद्रा, बी.एल. सागर, अभिराम कश्यप, बुधराम कश्यप, राजू कश्यप, धनेश कुमार साहू, उमाशंकर चंद्रा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
गणतंत्र दिवस पर आयोजित यह आयोजन बिर्रा नगर में देशभक्ति, एकता और संविधान के प्रति सम्मान का सशक्त संदेश बनकर उभरा।










