
KPN24 :- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने श्री चौहान का बस्तर आर्ट प्रतीक चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मध्य छत्तीसगढ़ के किसानों के सशक्तिकरण, कृषि विकास, ग्रामीण अर्थव्यवस्था एवं आजीविका संवर्धन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने राज्य में कृषि को अधिक लाभकारी बनाने, किसानों की आय बढ़ाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श किया।
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना करते हुए नक्सल प्रभावित अंचलों में संचालित ‘नियद नेल्लानार’ योजना के अंतर्गत आवास से वंचित परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने की पहल को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल सामाजिक समावेशन और क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।










