
KPN24:- कसरावद के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अघावन में भारत का 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत गौरव, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय प्रांगण में आयोजित इस भव्य समारोह में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं ग्रामवासियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्राचार्य द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात सामूहिक राष्ट्रगान से पूरा परिसर देशभक्ति के स्वर में गूंज उठा। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत शानदार मार्च पास्ट ने अनुशासन, एकता और राष्ट्रीय चेतना का प्रभावी संदेश दिया।
छोटे बच्चों ने मनमोहक देशभक्ति गीतों एवं नृत्य प्रस्तुतियों से सभी को भावविभोर कर दिया। वहीं शैक्षणिक सत्र के दौरान पढ़ाई एवं खेलकूद गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मार्गदर्शन संकुल प्राचार्य मुकेश खेड़े द्वारा किया गया। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य गोविंद पाटीदार ने अपने उद्बोधन में गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “हमें अधिकारों के साथ-साथ अपने नागरिक कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करना चाहिए। आज के विद्यार्थी ही देश के भविष्य के जिम्मेदार नागरिक हैं।”
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ग्राम सरपंच श्रीमती जिंगूबाई सिसोदिया, विशेष अतिथि उपसरपंच दिनेश भाई, पूर्व जनपद सदस्य जगन्नाथ पाटीदार, संतोष भाई, डॉ. सुशील पाटीदार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन उमाशि चम्पालाल बरडे एवं राजेश शारदे द्वारा किया गया। समारोह में शिक्षक-शिक्षिकाओं, अतिथि शिक्षकों, जनशिक्षकों, प्राथमिक व माध्यमिक शाला प्रभारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितजनों को मिठाई एवं भोजन वितरित किया गया। “जय हिंद” के नारों के साथ देशभक्ति से ओत-प्रोत यह गरिमामय समारोह संपन्न हुआ।










