
ओपीडी, आईसीयू व विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मरीजों से लिया फीडबैक
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिला कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज जिला चिकित्सालय जांजगीर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जीवनदीप समिति अंतर्गत स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों का गहन अवलोकन किया।
कलेक्टर द्वारा नवनिर्मित ओपीडी हॉल, नवीन ऑपरेशन थिएटर के अतिरिक्त कक्ष, मरचुरी के जीर्णोद्धार एवं शेड निर्माण, सामूहिक शौचालय, पेइंग वार्ड, अटल समरसता भवन के सामने विकसित किए जा रहे गार्डन, नवीन स्थानांतरित पोषण पुनर्वास केंद्र, आपातकालीन, प्रसव, नेत्र, आर्थो, मेजर एवं माइनर ओटी, सीसीएचबी द्वारा निर्मित लिफ्ट तथा 50 बिस्तरीय क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक (सीसीएचबी) के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने चिकित्सालय में मरीजों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की भी विस्तृत समीक्षा की। ओपीडी, सर्जरी विभाग एवं भर्ती मरीजों को दी जा रही भोजन व्यवस्था, दवा उपलब्धता एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने जिला चिकित्सालय को नवीन मेडिकल कॉलेज के रूप में उन्नयन किए जाने की प्रक्रिया की भी जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री महोबे ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी में उपस्थित रहने, कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश दिए। साथ ही मरीजों को समुचित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने हेतु दवाइयों एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने सभी पात्र मरीजों का शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड ब्लॉकिंग एवं इनहेंसमेंट सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसके अतिरिक्त कलेक्टर ने शीघ्र ही मानव संसाधन एवं आवश्यक उपकरणों का प्रस्ताव भेजने हेतु सिविल सर्जन को निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिता श्रीवास्तव, सिविल सर्जन एस. कुजुर, डीपीएम उत्कर्ष तिवारी, सीजीएमएससी के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










