
मुख्यमंत्री ने 255 करोड़ रुपए की लागत से बने पुलिस विभाग के विकास कार्यों का किया वर्चुअल लोकार्पण
KPN24:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर प्रदेश के विभिन्न जिलों में 255 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित पुलिस आवासीय भवनों, नवीन थाना भवनों तथा 8 नए साइबर पुलिस थानों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों एवं पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन पुलिस विभाग के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण और सौभाग्य का है। उन्होंने कहा कि साइबर थाना, एसडीओपी कार्यालय, चौकी भवन, ट्रांजिट हॉस्टल एवं आवासीय भवनों का निर्माण अत्यंत गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक एवं सुविधाजनक ढंग से किया गया है। इन आधारभूत सुविधाओं से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सकारात्मक वातावरण में कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी, जिससे वे अपने दायित्वों का और अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का सतत प्रयास है कि पुलिस बल को बेहतर आवास एवं कार्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। यह पहल विशेष रूप से सुदूर अंचलों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से प्रदेश में साइबर पुलिस थानों की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है। आज जशपुर, रायगढ़, राजनांदगांव सहित कुल 8 नए साइबर थानों का शुभारंभ किया गया है। इससे पूर्व प्रदेश के पांच जिलों में साइबर थाने संचालित थे। आवश्यकता के अनुरूप अन्य जिलों में भी साइबर थानों की स्थापना की जाएगी।
गृह मंत्री श्री शर्मा ने बताया कि इसके साथ ही चार जिलों में भारत वाहिनी परिसर, नौ जिलों में नए थाना भवन, माना में सेंट्रल आर्म्ड फोर्स चौकी तथा पुलिस आवासीय भवनों का भी लोकार्पण किया गया है। उन्होंने इन सभी विकास कार्यों की स्वीकृति एवं लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पुलिस विभाग को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के महानिदेशक पवन देव, एडीजी एस.आर.पी. कल्लूरी, एडीजी प्रदीप गुप्ता, एडीजी विवेकानंद सिन्हा, एडीजी दीपांशु काबरा, एडीजी अमित कुमार सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री द्वारा आज बालोद, महासमुंद, धमतरी, रायपुर, बस्तर, बीजापुर, सुकमा, कांकेर, नारायणपुर, दुर्ग, बेमेतरा, राजनांदगांव, सूरजपुर, कोरिया एवं बलरामपुर जिलों में भारत रक्षित वाहिनी परिसरों, पुलिस थाना भवनों, चौकी भवनों, एसडीओपी कार्यालयों, ट्रांजिट हॉस्टल एवं आवासीय भवनों का लोकार्पण किया गया।










