
सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरौद में 8 लाख की लागत से अतिरिक्त कक्ष का किया शिलान्यास
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी आज खरौद नगर पंचायत स्थित शासकीय लक्ष्मणेश्वर स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित हीरक जयंती समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हीरक जयंती जैसे आयोजन भारत की गौरवशाली बौद्धिक, सांस्कृतिक एवं आर्थिक विरासत की स्मृति कराते हैं।
उन्होंने कहा कि भारत पहली सदी से लेकर 17वीं सदी तक लगभग 1600 वर्षों तक विश्व की सबसे सशक्त आर्थिक शक्ति रहा है। भारत ने विश्व को शून्य जैसा महान आविष्कार दिया, जिस पर आज की संपूर्ण गणना प्रणाली आधारित है। नालंदा और तक्षशिला जैसे प्राचीन ज्ञान केंद्र इस बात के प्रमाण हैं कि भारत प्राचीन काल से ही ज्ञान और नवाचार का केंद्र रहा है।
प्रभारी मंत्री चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय टेक्नोलॉजी और इनोवेशन का युग है, ऐसे में शिक्षा का समयानुकूल, व्यवहारिक और उपयोगी होना अत्यंत आवश्यक है। शिक्षा समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के तेज़ी से विकास की बात करते हुए कहा कि इस विकास की सबसे मजबूत नींव शिक्षा है।
इस अवसर पर महाविद्यालय की स्मारिका दर्पणग्रंथ का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने भी अपने विचार रखे।
समारोह में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व संसदीय सचिव अम्बेश जांगड़े, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, माध्यमिक शिक्षा मंडल सदस्य चन्द्रकांत तिवारी, नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद यादव, उपाध्यक्ष महेश्वर यादव, पूर्व कुलपति प्रो. एस.डी.आर. चन्द्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद्, अधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
सरस्वती शिशु मंदिर उ.मा.वि. खरौद में 8 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त कक्ष का शिलान्यास

कार्यक्रम के पश्चात वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खरौद में 8 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले अतिरिक्त कक्ष का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने से सफलता अवश्य प्राप्त होती है। शिक्षा समाज और देश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को नवाचार और ज्ञान अर्जन के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों से घबराने के बजाय साहस, आत्मविश्वास और संघर्ष के साथ चुनौतियों का सामना करना ही सफलता की कुंजी है।










