
मुख्यमंत्री ने सिरपुर महोत्सव के सफल आयोजन के लिए दी शुभकामनाएँ
KPN24:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को मंत्रालय महानदी भवन में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने जिले के ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व के स्थल सिरपुर में 1 से 3 फरवरी के मध्य आयोजित होने वाले सिरपुर महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा कि सिरपुर महोत्सव छत्तीसगढ़ की प्राचीन सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक विरासत को संरक्षित करने और उसे जनसामान्य तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव प्रतिवर्ष भव्य, गरिमामय एवं सुव्यवस्थित रूप में आयोजित किया जाता है, जिससे प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊँचाई मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल छत्तीसगढ़ की समृद्ध परंपराओं को राष्ट्रीय मंच मिलता है, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है, जिससे स्थानीय नागरिकों के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर सृजित होते हैं। उन्होंने सिरपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए सिरपुर महोत्सव के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को अग्रिम शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार, सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी धम्मशील गणवीर एवं धर्मेंद्र महोबिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।










