
मनीष विद्यार्थी खरगोन।
KPN24:- खरगोन में अवैध गौवंश परिवहन के विरुद्ध खलटाका चौकी पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। बलकवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस टीम ने क्रूरतापूर्वक एक वाहन में भरकर ले जाए जा रहे तीन गौवंशों को मुक्त कराया, साथ ही दो आरोपियों के खिलाफ वैधानिक प्रकरण दर्ज कर वाहन को जब्त किया गया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक सफेद सुपर कैरी टेम्पो वाहन से अवैध रूप से गौवंशों का परिवहन किया जा रहा है, जो कुछ ही समय में खलटाका चौकी के सामने से गुजरने वाला है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए चौकी पुलिस ने तत्काल वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया।
कुछ ही देर बाद खलघाट की ओर से आ रहे सुपर कैरी टेम्पो वाहन क्रमांक MP13 ZT 7972 को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रोका। वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम नानेश्वर एवं निखिल, दोनों निवासी ईरानी कॉलोनी, सेंधवा बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरे गए तीन गौवंश पाए गए। आरोपियों से गौवंश परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेजों की मांग की गई, लेकिन वे कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके पश्चात पुलिस ने आरोपी नानेश्वर पिता दान सिंह एवं निखिल पिता मगन, दोनों निवासी सेंधवा, के विरुद्ध अपराध क्रमांक 31/26 के तहत धारा 4, 6, 9 म.प्र. गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम एवं धारा 11(1)(घ) पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लगभग 30,000 रुपये मूल्य के तीन गौवंश तथा अवैध परिवहन में प्रयुक्त सुपर कैरी टेम्पो वाहन (कीमत लगभग 3,00,000 रुपये) को जब्त किया।
यह कार्रवाई एसडीओपी मण्डलेश्वर श्रीमती श्वेता शुक्ला के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी बलकवाड़ा निरीक्षक सागर चौहान एवं चौकी प्रभारी उनि मिथुन चौहान के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सउनि अशोक नईयर, आरक्षक जितेंद्र सिंह बघेल, सुमित भदौरिया, महेंद्र ठाकुर एवं साहिल सेन का विशेष योगदान रहा।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में गौवंश तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है, वहीं आमजन ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।










