"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

शराबी पिकअप चालक की लापरवाही से 14 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत, गांव में मातम

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा अकलतरा मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय स्कूली छात्र आयुष यादव की मौके पर ही मौत हो गई। यह हृदयविदारक घटना उस समय हुई जब तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने साइकिल से जा रहे छात्र को जोरदार टक्कर मार दी। मृतक छात्र आयुष यादव, पिता शंकर यादव, अपने पिता की एकलौती संतान था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप चालक शराब के नशे में था और वाहन को लापरवाहीपूर्वक चला रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया और पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में छात्र की साइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गंभीर चोटों के कारण आयुष ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। शोकाकुल ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश दी और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।


बताया जा रहा है कि पिकअप चालक की उम्र लगभग 35 वर्ष है, जो बलौदा से अकलतरा की ओर जा रहा था। पुलिस द्वारा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
इस हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक होनहार छात्र की असमय मौत ने न सिर्फ एक परिवार की खुशियां छीन लीं, बल्कि शराब पीकर वाहन चलाने जैसी लापरवाही पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More