
रायपुर, 30 जनवरी 2026/ KPN24.com
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले ने ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान हासिल किया है। ग्रामीण बेघर परिवारों को पक्के आवास का सपना साकार करने वाली इस महत्वाकांक्षी योजना में जिले ने न सिर्फ लक्ष्य हासिल किए, बल्कि कार्य गति और गुणवत्ता में भी मिसाल कायम की है।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण (PMAY-G) का उद्देश्य कच्चे मकानों में रहने वाले अथवा बेघर ग्रामीण परिवारों को सभी मूलभूत सुविधाओं से युक्त पक्का आवास उपलब्ध कराना है। वर्ष 2025-26 में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले ने इस उद्देश्य को ज़मीन पर उतारते हुए उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।
कलेक्टर के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ के सशक्त नेतृत्व में जिले ने आवास स्वीकृति, किश्त वितरण और निर्माण प्रारंभ करने की प्रक्रिया में अभूतपूर्व तेजी दिखाई है। वर्ष 2025-26 में जिले को कुल 26,843 आवासों की स्वीकृति प्राप्त हुई, जिनमें से 24,313 हितग्राहियों को प्रथम किश्त जारी की जा चुकी है। वहीं 20,480 आवासों का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है और 15,120 आवास प्लिंथ स्तर तक पूर्ण कर लिए गए हैं।
सर्वाधिक प्लिंथ निर्माण में भी अव्वल
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में 15,120 आवासों का प्लिंथ स्तर तक निर्माण पूर्ण होना राज्य के किसी भी जिले से अधिक है। इसके साथ ही 26,439 आवासों के एफटीओ किए जा चुके हैं, जिनमें से अधिकांश हितग्राहियों के खातों में राशि का सफलतापूर्वक अंतरण हो चुका है। अब तक 139 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं, जो प्रशासनिक दक्षता और ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता को दर्शाता है।
पीएम जनमन योजना अंतर्गत भी जिले ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए 25 पात्र हितग्राहियों के आवास स्वीकृत कर शत-प्रतिशत पूर्ण करा लिए हैं।
रेनवाटर हार्वेस्टिंग में भी जिले की मिसाल
जल संरक्षण के क्षेत्र में भी जिले ने प्रदेश और देश में पहचान बनाई है। जिले को जल संचयन में देश का द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है, जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अब तक 15,260 रेनवाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं का निर्माण पूर्ण आवासों में कराया जा चुका है।
इस बड़ी उपलब्धि से जिले के हजारों ग्रामीण परिवारों का पक्का मकान पाने का सपना साकार हो रहा है। यह सफलता न केवल ग्रामीण विकास को नई गति दे रही है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित कर रही है। बलौदाबाजार-भाटापारा जिला आज प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन का राज्य स्तरीय मॉडल बनकर उभरा है।










