"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय परियना दिव्यांग आवासीय विद्यालय को बस देने की बड़ी घोषणा

रायपुर, 31 जनवरी 2026 | KPN24.com

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज नारायणपुर जिले के गरांजी स्थित परियना दिव्यांग आवासीय विद्यालय में अचानक पहुंचे और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के बीच समय बिताया। मुख्यमंत्री के विद्यालय पहुंचते ही दिव्यांग छात्रों ने आत्मीय स्वागत किया। छात्र रंजीत बड्डे सहित बच्चों ने स्वागत गीत, हनुमान चालीसा और बस्तर अंचल के पारंपरिक लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसने पूरे माहौल को भावनात्मक बना दिया।
बच्चों की मांग पर मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यालय को एक बस उपलब्ध कराने की घोषणा की, जिस पर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक उठी।
मुख्यमंत्री ने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि मेहनत, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। उन्होंने बच्चों को आईएएस, आईपीएस जैसे उच्च पदों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया और कहा कि शारीरिक सीमाएं कभी भी सपनों के रास्ते में बाधा नहीं बन सकतीं। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों पर ईश्वर का विशेष आशीर्वाद होता है।
बच्चों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें बच्चों के बीच आकर बेहद प्रसन्नता हुई। एक बच्ची के प्रश्न पर उन्होंने बताया कि बचपन में उन्हें पिट्ठू और फुटबॉल जैसे खेल खेलना बेहद पसंद था। मुख्यमंत्री ने सभी बच्चों को चॉकलेट वितरित कर स्नेह और आशीर्वाद दिया।
दिव्यांग बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की मुख्यमंत्री साय के साथ-साथ राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, बस्तर सांसद महेश कश्यप, अन्य जनप्रतिनिधियों, मुख्यमंत्री सचिव राहुल भगत, कमिश्नर डोमन सिंह एवं आईजी  सुंदरराज पी. ने मुक्त कंठ से सराहना की।
गौरतलब है कि परियना दिव्यांग आवासीय विद्यालय का शुभारंभ 11 सितंबर 2023 को किया गया था। इसका संचालन जिला खनिज न्यास निधि से किया जा रहा है। विद्यालय का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को समावेशी शिक्षा प्रदान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
वर्तमान में विद्यालय में 60 बच्चे अध्ययनरत हैं। यहां आडियोलॉजी, फिजियोथेरेपी, विशेष शिक्षा, संगीत, खेलकूद, योग-व्यायाम एवं कंप्यूटर शिक्षा जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह विद्यालय सामान्य और दिव्यांग बच्चों के बीच एक मजबूत सेतु बनकर उभर रहा है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More