"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जांजगीर-चांपा में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, फायरिंग में मास्टरमाइंड घायल

दो रातों में 5 जगह डकैती, हत्या का प्रयास… 8 आरोपी गिरफ्तार, एक को लगी गोली

जांजगीर-चांपा | KPN24.com

जिले में कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देने वाले खूंखार लुटेरा गिरोह पर जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की है। थाना शिवरीनारायण एवं पामगढ़ क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें गिरोह का मास्टरमाइंड रामनाथ पुलिस पर फायरिंग करते हुए घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी है।

पुलिस के अनुसार, बीते 27 और 29 जनवरी की दरम्यानी रात गिरोह ने महज दो रातों में 5 अलग-अलग स्थानों पर डकैती, लूटपाट और हत्या के प्रयास की वारदातों को अंजाम दिया था। इन घटनाओं में 13 निर्दोष नागरिक घायल हुए, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बनी हुई है—एक युवक कोमा में है और बिलासपुर व रायपुर के अस्पतालों में इलाज जारी है।
घेराबंदी तोड़ने की कोशिश, पुलिस पर झोंका फायर
नवमी आरोपी रामनाथ पुलिस की घेराबंदी से निकलने के लिए देशी कट्टे से फायरिंग करने लगा। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को इलाज के बाद पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
खौफ का दूसरा नाम था यह गिरोह
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह रॉड, लोहे के पाइप, डंडा और बेल्ट लेकर सुनसान रास्तों पर मोटरसाइकिल से घूमता था। राहगीरों को रोककर सीधे सिर पर जानलेवा वार करना, फिर मोबाइल और नकदी लूटना इनका तयशुदा पैटर्न था। एक वारदात के बाद भी ये नहीं रुकते थे—रास्ते में जो भी मिला, उस पर हमला कर दहशत फैलाते थे।
आरोपियों के कब्जे से भारी जप्ती
पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त सामग्री जब्त करते हुए कुल ₹4,09,000/- की संपत्ति बरामद की है।
जप्त सामग्री में शामिल:
स्टील रॉड – 04, डंडा – 02, बेल्ट – 01, KTM मोटरसाइकिल – 02, CD Deluxe – 01, हीरो स्कूटी जूम एक्स टेक – 01, मोबाइल फोन – 10, नकद राशि – ₹9,000

गिरफ्तार आरोपी,

निखिल टंडन (18 वर्ष), मनीराम गोंड (19 वर्ष), नरेश यादव (19 वर्ष), रोशन टंडन (19 वर्ष), आयुष रात्रे (18 वर्ष), 6-7. दो विधि से संघर्षरत बालक

सन्नी, रामनाथ (मुठभेड़ में घायल)
कड़ी धाराओं में केस दर्ज, न्यायिक रिमांड
थाना शिवरीनारायण एवं पामगढ़ में दर्ज विभिन्न अपराधों में आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस का सख्त संदेश
जांजगीर-चांपा पुलिस ने साफ शब्दों में कहा है कि अपराध और अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है। आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह आक्रामक और निर्णायक कार्रवाई जारी रहेगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More