
रायपुर, 05 फरवरी 2026 KPN24.com
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज एक अलग ही अंदाज़ में नजर आए। उन्होंने आम नागरिक की तरह 10 रुपये का टिकट कटाकर जिले के लोकप्रिय पर्यटन स्थल मयाली नेचर कैंप में प्रवेश किया और साहसिक खेलों का भरपूर आनंद लेते हुए एडवेंचर टूरिज्म की नई शुरुआत का संदेश दिया। मुख्यमंत्री का यह कदम नियमों के पालन, समानता और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बना।
मुख्यमंत्री श्री साय ने नेचर कैंप में विकसित अधोसंरचनाओं, सुरक्षा प्रबंधों और पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रकृति-आधारित पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के मजबूत अवसर पैदा कर रहे हैं, साथ ही पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा दे रहे हैं।
इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, विधायक श्रीमती गोमती साय, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
चार नए एडवेंचर स्पोर्ट्स का शुभारंभ
मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वयं एटीवी बाइक चलाकर साहसिक पर्यटन का अनुभव लिया। इसके बाद बैलून शूटिंग, आर्चरी शूटिंग, माउंटेन साइक्लिंग और वॉल क्लाइंबिंग का औपचारिक शुभारंभ किया। माउंटेन साइक्लिंग के जरिए उन्होंने फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का भी संदेश दिया।
वॉल क्लाइंबिंग के दौरान तेज सिंह और तेजल भगत ने अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया, जिसकी मुख्यमंत्री ने खुले दिल से प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने बॉक्स क्रिकेट में भी हाथ आजमाया और आकर्षक शॉट्स लगाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने मयाली नेचर कैंप स्थित कैक्टस गार्डन का अवलोकन किया। वनमंडलाधिकारी शशि कुमार ने विभिन्न प्रजातियों के कैक्टस और उनके औषधीय महत्व की जानकारी दी।
मयाली नेचर कैंप अब सिर्फ पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों और रोजगार की नई राह बनता नजर आ रहा है।










