
जांजगीर-चांपा, 05 फरवरी 2026 KPN24.com
जांजगीर-चांपा जिले में 11, 12 एवं 13 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2026 को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियां तेज़ रफ्तार में चल रही हैं।
इसी क्रम में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज शासकीय हाई स्कूल मैदान, जांजगीर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ऐतिहासिक विष्णु मंदिर परिसर का भी अवलोकन किया और मंदिर क्षेत्र में आकर्षक लाइटिंग एवं भव्य साज-सज्जा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धा और सांस्कृतिक गरिमा का प्रभावी संदेश मिले।
कलेक्टर श्री महोबे ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि महोत्सव स्थल पर विभिन्न विभागों एवं निजी संस्थाओं द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉल किसानों की जरूरत और हित को केंद्र में रखकर लगाए जाएं। कृषि आधारित योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज, उर्वरक, जैविक खेती, पशुपालन एवं उद्यानिकी से जुड़ी जानकारियां किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाएं। साथ ही ड्रोन तकनीक, आधुनिक कृषि उपकरण, सिंचाई नवाचार और नई तकनीकों का प्रदर्शन भी किया जाए।
उन्होंने मंच एवं स्टॉल व्यवस्था, साउंड सिस्टम, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, बेरिकेटिंग, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी स्पष्ट और समयबद्ध निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि महोत्सव की सफलता के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि आयोजन जिले की पहचान बन सके।
निरीक्षण के दौरान वनमंडलाधिकारी हिमांशु डोंगरे, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










