"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

प्रदेशभर में गूंजेगा स्मार्ट मीटर पखवाड़ा, 9 से 23 फरवरी तक चलेगा व्यापक जनजागरूकता अभियान

रायपुर, 8 फरवरी 2026 KPN24.com

प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को स्मार्ट, पारदर्शी और किफायती विद्युत सेवा से जोड़ने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा 9 से 23 फरवरी तक “स्मार्ट मीटर पखवाड़ा” का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पंचायतों से लेकर नगरीय निकायों तक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के निर्देशानुसार देशभर में आयोजित हो रहे इस अभियान का संचालन रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) के अंतर्गत किया जा रहा है। इसका उद्देश्य वितरण कंपनियों की वित्तीय मजबूती के साथ-साथ उपभोक्ताओं को आधुनिक, भरोसेमंद और पारदर्शी विद्युत सेवाएँ उपलब्ध कराना है।
देश में अब तक 5 करोड़ से अधिक प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, वहीं छत्तीसगढ़ में भी स्मार्ट मीटर इंस्टॉलेशन का कार्य तेज़ी से जारी है। स्मार्ट मीटर पखवाड़े का मुख्य फोकस उपभोक्ताओं में स्मार्ट मीटर के प्रति जागरूकता, विश्वास और स्वीकृति को मजबूत करना है।
अभियान के दौरान उपभोक्ताओं को प्रीपेड स्मार्ट मीटर के कई अहम लाभों की जानकारी दी जाएगी, जिनमें अग्रिम भुगतान सुविधा, रियल-टाइम बैलेंस की जानकारी, बिजली खपत पर बेहतर नियंत्रण, पारदर्शी एवं सटीक बिलिंग, विवादों में कमी, लो-बैलेंस अलर्ट, असामान्य खपत की सूचना, आसान रिचार्ज और सेवा गुणवत्ता में सुधार शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ के अतिरिक्त महाप्रबंधक (जनसंपर्क) उमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि स्मार्ट मीटर पखवाड़े के दौरान उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर मोबाइल एप्लिकेशन के उपयोग की भी जानकारी दी जाएगी, जिससे वे अपने मोबाइल पर ही खपत, बैलेंस और रिचार्ज की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकें। जिन घरों में इस अवधि में स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे, वहाँ डेमोन्स्ट्रेशन सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
उपभोक्ता सहभागिता बढ़ाने के लिए इस पखवाड़े में नुक्कड़ नाटक, पोस्टर, लघु वीडियो, आईईसी सामग्री का प्रसार, मोबाइल एप इंस्टॉलेशन में सहायता, लाइव डेमो, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अस्थायी सहायता केंद्र/हेल्प डेस्क, नगर पालिका व पंचायत स्तर पर कार्यशालाएँ तथा उपभोक्ता फीडबैक सर्वे आयोजित किए जाएंगे।
स्मार्ट मीटर पखवाड़ा न केवल तकनीकी बदलाव का प्रतीक है, बल्कि यह उपभोक्ताओं को ऊर्जा बचत और स्मार्ट जीवनशैली की ओर प्रेरित करने की एक ठोस पहल भी है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More