
जांजगीर-चांपा | 8 फरवरी 2026 KPN24.com
जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख़्ती दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के स्पष्ट निर्देशों पर राजस्व विभाग ने तहसील बम्हनीडीह अंतर्गत ग्राम पूछेली क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध रूप से रेत का उत्खनन एवं परिवहन करते हुए 7 हाईवा वाहनों को जब्त किया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन माफिया में हड़कंप मच गया है। जब्त किए गए सभी वाहनों को नियमानुसार खनिज विभाग एवं पुलिस बल के सुपुर्द कर दिया गया है, जहाँ संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर श्री महोबे ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के विरुद्ध सख़्त से सख़्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन ने साफ किया है कि जिला टास्क फोर्स द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है और आने वाले दिनों में भी अवैध गतिविधियों पर इसी तरह निर्णायक प्रहार जारी रहेगा।










