
पति समेत सास-ससुर गिरफ्तार, तीनों भेजे गए न्यायिक रिमांड पर
KPN24.com | जांजगीर-चांपा दिनांक 10.02.2026
जांजगीर-चांपा जिले से एक बार फिर दहेज प्रताड़ना का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। थाना मुलमुला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नरियरा में दहेज के नाम पर नवविवाहिता को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले पति सहित सास-ससुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 80 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी
महेश कुमार श्रीवास पिता अशोक कुमार श्रीवास, उम्र 26 वर्ष
अशोक कुमार श्रीवास पिता स्व. तिहारू श्रीवास, उम्र 53 वर्ष
राज कुमारी श्रीवास पति अशोक कुमार श्रीवास, उम्र 54 वर्ष
(तीनों निवासी – ग्राम नरियरा, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा)
मामले का पूरा घटनाक्रम
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतिका श्रीमती जागृति श्रीवास का विवाह वर्ष 2024 में सामाजिक रीति-रिवाज से महेश कुमार श्रीवास के साथ हुआ था। विवाह के बाद प्रारंभिक एक माह तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद दहेज को लेकर प्रताड़ना का सिलसिला शुरू हो गया।
परिजनों के अनुसार, पति द्वारा लगातार मारपीट और सास-ससुर द्वारा गाली-गलौज व मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। दहेज में कम सामान लाने का ताना देकर विवाह के महज एक माह बाद से ही मृतिका को प्रताड़ित किया जा रहा था।
इसी प्रताड़ना से तंग आकर 08 दिसंबर 2025 को जागृति श्रीवास ने अपने घर में रखे “Zura” नामक कीटनाशक जहर का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे सिम्स अस्पताल, बिलासपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मृतिका नवविवाहिता होने के कारण प्रकरण की शव पंचनामा कार्यवाही कार्यपालिक दंडाधिकारी, बिलासपुर द्वारा कराई गई। परिजनों के बयान एवं मर्ग जांच के आधार पर थाना मुलमुला में मर्ग क्रमांक 03/2026 धारा 194 बीएनएस पंजीबद्ध किया गया।
जांच में स्पष्ट रूप से यह सामने आया कि दहेज प्रताड़ना के चलते ही मृतिका ने आत्मघाती कदम उठाया। इसके बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 36/2025 धारा 80, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
एसपी के निर्देश पर हुई गिरफ्तारी
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने 10 फरवरी 2026 को ग्राम नरियरा में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोप स्वीकार करने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इन अधिकारियों का रहा सराहनीय योगदान
एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी, थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक पारस पटेल, सउनि प्रमोद महार,
प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, आरक्षक मालती लहरे सहित थाना स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।










