
नव चयनित खनि निरीक्षकों को मिला नियुक्ति पत्र, मुख्यमंत्री ने दिया ईमानदारी और पारदर्शिता का मंत्र
KPN24.com रायपुर, 19 फरवरी 2026।
छत्तीसगढ़ की धरती खनिज संपदा से परिपूर्ण है और यही संपदा राज्य की आर्थिक रीढ़ मानी जाती है। इसी दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित नव नियुक्त खनि निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि खनिज प्रशासन की मजबूती ही प्रदेश के समग्र विकास की कुंजी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “मैदानी अमले की सक्रियता, ईमानदारी और पारदर्शिता से ही खनिज संसाधनों का संरक्षण और सुव्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित होगा।”
युवाओं के कंधों पर विकास की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने नव चयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि युवाओं पर ही प्रदेश और देश का भविष्य टिका है। खनिज विभाग में नई नियुक्तियों से न केवल विभागीय कार्यबल सशक्त होगा, बल्कि खनिज अन्वेषण और खनन गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि सभी खनि निरीक्षक अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन कर खनिज प्रशासन को प्रभावी और जवाबदेह बनाएंगे।
खनिज संपदा: प्रदेश की आर्थिक ताकत
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती लौह अयस्क, कोयला, बॉक्साइट, लाइमस्टोन, टिन, हीरा, सोना और लिथियम जैसे बहुमूल्य खनिजों से समृद्ध है। ये खनिज न केवल उद्योगों को गति देते हैं, बल्कि राज्य के राजस्व का भी प्रमुख स्रोत हैं।
सरकार खनिज राजस्व में वृद्धि और अवैध खनन पर नियंत्रण के लिए लगातार प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त अधिकारियों को राजस्व वृद्धि और संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
33 में से 32 को नियुक्ति आदेश, 30 को मिला पत्र
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने 15 अक्टूबर 2025 को 33 खनि निरीक्षकों की चयन सूची जारी की थी। 19 फरवरी 2026 को खनिज साधन विभाग द्वारा 32 अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश जारी किए गए, जिनमें से 30 अधिकारियों को आज मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र सौंपे।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, सचिव खनिज साधन विभाग पी. दयानंद तथा संचालक भौमिकी एवं खनिकर्म रजत बंसल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।










