"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

शेयर मार्केट के नाम पर 8.45 करोड़ की ठगी:- मास्टरमाइंड पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

KPN24.com जांजगीर-चांपा 19 फरवरी 2026

जांजगीर-चांपा में शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा और हर महीने 5 प्रतिशत ब्याज का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले आरोपी पर जांजगीर-चांपा पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। करीब 8 करोड़ 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक क्रेटा कार, 12 अलग-अलग बैंकों की चेकबुक, 09 डेबिट कार्ड, 08 क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, 03 महंगे मोबाइल फोन और 30 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। आरोपी के विरुद्ध धारा 420, 34 भादवि के तहत कार्रवाई की गई है।
ऐसे रचा गया 8.45 करोड़ का जाल
मामले में प्रार्थी भूधर प्रसाद देवांगन (38 वर्ष), निवासी अखराभांठा, जिला सक्ती ने 30 जनवरी 2026 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में उनकी पहचान कोलकाता निवासी विश्वजीत देबनाथ से हुई थी।
आरोपी ने शेयर मार्केट में निवेश पर हर माह 5% ब्याज और अधिक लोगों को जोड़ने पर अतिरिक्त लाभ का लालच दिया। इस झांसे में आकर प्रार्थी और अन्य निवेशकों ने नगद, आरटीजीएस, एनईएफटी व चेक के माध्यम से कुल 8,45,00,000 रुपये निवेश कर दिए।
शुरुआत में कुछ महीनों तक ब्याज देकर भरोसा बनाया गया, लेकिन बाद में कंपनी को घाटा बताकर टालमटोल शुरू कर दी गई। अंततः पूरा पैसा वापस करने का झूठा आश्वासन देकर आरोपी फरार हो गया।
पश्चिम बंगाल से धराया आरोपी
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर आरोपी को ईटला पोडा पारा, पोस्ट कालीघाट, थाना कोतवाली कृष्णानगर, जिला नदिया (पश्चिम बंगाल) से हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने ठगी की राशि से:
क्रेटा कार खरीदना
सोना खरीदकर आईडीबीआई बैंक में रखना
घर का रंग-रोगन कराना
अन्य संपत्तियों में निवेश करना स्वीकार किया।
पुलिस ने ठगी से खरीदी गई संपत्तियों को जब्त कर लिया है और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक उमेंद्र मिश्रा, आरक्षक आदित्य प्रताप, गोपेश्वर सिंह, महिला आरक्षक निरमा टोप्पो तथा साइबर सेल से प्रधान आरक्षक विवेक सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More