
KPN24.com जांजगीर-चांपा 21 फरवरी 2026
जांजगीर-चांपा जिले में नशे के कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए थाना अकलतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। अवैध गांजा तस्करी के मामले में पुलिस ने 5 किलो से अधिक गांजा बरामद कर मुख्य आरोपी सहित एक विधि से संघर्षरत बालक को धर दबोचा है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों द्वारा ओडिशा से गांजा लाकर जांजगीर में खपाने की साजिश रची जा रही थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
मुखबिर की सूचना पर त्वरित रेड
थाना अकलतरा को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन अकलतरा के पास दो व्यक्ति संदिग्ध हालत में गांजा लेकर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए रेलवे सुरक्षा बल से संपर्क किया और संयुक्त रेड कार्रवाई की।
मौके पर दबिश देने पर आरोपियों के कब्जे से 5.161 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 58 हजार रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजा ओडिशा से लेकर आए थे और जांजगीर क्षेत्र में खपाने की फिराक में थे।
मुख्य आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान अभिषेक सूर्यवंशी (21 वर्ष) पिता रामकुमार सूर्यवंशी, निवासी ग्राम सारागांव, थाना सारागांव, जिला जांजगीर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी है और वह पहले भी शराब से जुड़े मामले में जेल जा चुका है।
मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसके विरुद्ध विधिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना अकलतरा से निरीक्षक भास्कर शर्मा, उप निरीक्षक बी.एल. कोसरिया, गौकरण राय, गुलशन लकड़ा, बसंत साहू तथा रेलवे सुरक्षा बल मंडल टास्क टीम-I बिलासपुर से प्रधान आरक्षक आर.पी. द्विवेदी, सत्यम सरकार और रणवीर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










