
KPN24.com जांजगीर-चांपा दिनांक: 27 फरवरी 2026
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने किया जागरूकता पोस्टर का विमोचन
जांजगीर-चांपा जिले में किसानों और ग्रामीण नागरिकों को निशाना बनाकर की जा रही ठगी की बढ़ती घटनाओं को लेकर पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में है। बैंक से धनराशि निकालकर घर लौटते समय ठगों द्वारा वारदात को अंजाम देने के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने जागरूकता संबंधी विशेष पोस्टर का विमोचन किया।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हाल के दिनों में ठग नए-नए हथकंडे अपनाकर किसानों और ग्रामीणों को अपना शिकार बना रहे हैं। ऐसे में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। पुलिस की यह पहल सीधे तौर पर आमजन को जागरूक कर अपराध पर प्रहार करने की रणनीति का हिस्सा है।
कार्यक्रम की प्रमुख बातें
किसानों एवं ग्रामीण नागरिकों को ठगी से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
बैंक परिसर एवं आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की गई।
तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति विशेष चेतावनी जारी की गई।
आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
बैंक से धनराशि निकालते समय बरतें ये सावधानियाँ
अधिक राशि निकालते समय अकेले न जाएं, विश्वसनीय व्यक्ति को साथ रखें।
बैंक के अंदर और बाहर आसपास मौजूद लोगों पर सतर्क नजर रखें।
किसी अज्ञात व्यक्ति से मदद लेने से बचें।
पैसे गिनने, बैग बदलने या ध्यान भटकाने जैसी गतिविधियों से सावधान रहें।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 या पुलिस कंट्रोल रूम मोबाइल नंबर 94791-93199 पर दें।
साइबर ठगी से बचाव के लिए जरूरी सुझाव
किसी भी अनजान कॉल, लिंक या मैसेज पर भरोसा न करें।
ओटीपी, एटीएम पिन या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
बैंक अधिकारी बनकर जानकारी मांगने वाले फर्जी कॉल से सावधान रहें।
साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।
पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, सतर्क रहें और किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।










