
KPN24.com रायपुर, 27 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ में युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा द्वार खुलने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश में 5000 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक निर्णायक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह भर्ती न केवल हजारों युवाओं को रोजगार का अवसर देगी, बल्कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को भी नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए संकल्पबद्ध है और इसी प्रतिबद्धता का परिणाम है यह व्यापक शिक्षक भर्ती अभियान। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी राज्य की प्रगति की आधारशिला होती है, और योग्य शिक्षकों की नियुक्ति से स्कूलों की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
परीक्षा तिथियां घोषित, तैयारी में जुटें अभ्यर्थी
व्यापम द्वारा वर्ष 2026 में आयोजित की जाने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की संभावित तिथियां जारी कर दी गई हैं—
सहायक शिक्षक परीक्षा – 11 अक्टूबर 2026
शिक्षक परीक्षा – 25 अक्टूबर 2026
व्याख्याता परीक्षा – 29 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री ने सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा के साथ तैयारी करें और इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं।
शिक्षा के माध्यम से सशक्त होगा छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि युवा ही प्रदेश के भविष्य निर्माता हैं। जब योग्य शिक्षक स्कूलों में पहुंचेंगे तो नई पीढ़ी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी, जिससे एक सशक्त और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव होगा।










